पिछले आठ दिन से जनपद के व्हाट्सएप ग्रुपों में एक पोस्ट वायरल हो रही है। ये पोस्ट इंस्टाग्राम पर शेयर की गई थी। वायरल पोस्ट में दावा किया गया है कि अमरोहा के राकेश शर्मा ने इस्लाम कबूल किया और अपना नाम शम्स रियाज रखा है। आगे लिखा कि इस मौके पर लोगों ने उनका नोटों की माला पहनकर स्वागत किया। राकेश शर्मा एक वरिष्ठ सरकारी पद पर थे। उन्होंने कहा कि मुझे ऐसा लग रहा है जैसे मेरा दूसरा जन्म हुआ है, मुबारक हो भाई को...। सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रही पोस्ट को देखकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के होश उड़े हैं। खुफिया तंत्र सक्रिय हो गया है।
हालांकि यह भी दावा किया जा रहा है कि जिस व्यक्ति को राकेश शर्मा बता कर पोस्ट वायरल की जा रही है, वह मुस्लिम ही है। लेकिन, उसके दोस्तों ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करके उसके साथ मजाक किया था। लेकिन, अब ये पोस्ट लगातार वायरल हो रही है। धर्म परिवर्तन से जुड़ी पोस्ट देखकर हिंदू संगठन से जुड़े पदाधिकारियों में रोष व्याप्त है। उन्होंने मामले में सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि वायरल पोस्ट की जांच की जा रही है। अगर किसी ने धर्म परिवर्तन से जुड़े पोस्टर वायरल करके मजाक भी किया है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।