मुरादाबाद। पाकबड़ा थानाक्षेत्र में रहने वाली कवयित्री निकहत मुरादाबादी को फोन पर जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उनका आरोप है कि आरोपी ने उनसे फोन पर अभद्रता की और गोली मारने की धमकी दी। धमकियां मिलने के बाद पीड़ित और उनका परिवार दहशत में आकर अपने ही घर में कैद होने को मजबूर है।
पाकबड़ा थानाक्षेत्र के हाशमपुर गोपाल निवासी निकहत मुरादाबादी ने बताया कि वह अंतरराष्ट्रीय कवयित्री हैं। वह भारत के विभिन्न प्रदेशों और शहरों के अलावा विदेश में भी कार्यक्रमों में शिरकत कर चुकी हैं। निकहत के भाई रफी पाशा ने बताया कि 22 जनवरी की रात करीब साढ़े दस बजे उनकी बहन के मोबाइल पर एक नंबर से कॉल आई।
क ॉल करने वाले ने अभद्र भाषा में बातचीत की तो निकहत ने कॉल डिस्कनेक्ट कर दी। कुछ देर बाद आरोपी ने फिर से कॉल की और अभद्रता करने के साथ ही उसने गोली मारकर हत्या करने की धमकी भी दी। आरोपी ने अपना नाम नहीं बताया। धमकियां मिलने के बाद से निकहत मुरादाबादी और उनका परिवार दहशत में है।
निकहत ने कार्यक्रम में भी जाना बंद कर दिया है। आरोपी के व्हाट्सएप डीपी पर तमंचा और चार कारतूस का फोटो भी लगा हुआ है। रफी पाशा ने बताया कि वह शनिवार को अपनी बहन को लेकर पाकबड़ा थाने गए थे, लेकिन थाना प्रभारी नहीं मिले। अब वह रविवार को प्रार्थनापत्र देंगे। पाकबड़ा थाना प्रभारी रंजन कुमार शर्मा का कहना है कि उनके पास ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है। अगर कोई तहरीर आती है तो जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।