मुरादाबाद। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने मंगलवार देर रात 12 बजे से सभी स्टेशनों पर प्लेटफार्म टिकट का मूल्य 10 रुपये कर दिया गया है। प्रथम लॉकडाउन यानि 22 मार्च 2020 के 611 दिन बाद रेलवे स्टेशन पर जाने वाले लोग 10 रुपये देकर प्लेटफार्म टिकट खरीद सकेंगे। लॉकडाउन अवधि में स्टेशन पर आने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे ने प्लेटफार्म टिकट के दाम पांच गुणा बढ़ा दिए थे।
कई महीने तक प्लेटफॉर्म टिकट 50 रुपये में बेचा गया। जून 2021 में दूसरी लहर का प्रकोप कुछ कम होने के बाद प्लेटफार्म टिकट की कीमत 30 रुपये कर दी गई। अब मुरादाबाद मंडल ने पुराने रेट लागू करने का निर्णय लिया है। सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह ने बताया कि देर रात 12 बजे से प्लेटफॉर्म टिकट 10 रुपये में विक्रय करने से संबंधित आदेश जारी कर दिए हैं। अब मुरादाबाद डिवीजन के सभी रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की कीमत को घटा दिया गया है।