कुंदरकी। थाना क्षेत्र में सड़क पर गिरा मोबाइल उठाते समय पिकअप के चालक को कैंटर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में चालक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। साथ ही केंटर पिकअप से भी जा टकराया। हालांकि मृतक के परिजनों ने कार्रवाई से इनकार कर शव को सुपुर्दे खाक कर दिया।
मैनाठेर गांव निवासी साबिर (45) पेशे से चालक था। शुक्रवार देर रात्रि साबिर अपनी पिकअप से दलपतपुर की दिशा से आ रहा था। जब उसकी पिकअप कुंदरकी थाना क्षेत्र में मुरादाबाद बाईपास पर पुराने टोल प्लाजा के निकट पहुंची तो उस समय पिकअप धीमी गति से चल रही थी। इस दौरान साबिर का मोबाइल हाथ से नीचे सड़क पर गिर गया। अपने मोबाइल को उठाने के लिए जब साबिर पिकअप से नीचे उतरा तभी पीछे से आए कैंटर ने साबिर को टक्कर मार दी। साथ ही उसकी पिकअप से टकरा गई। हादसे में साबिर की घटना स्थल पर मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलने पर कुछ देर बाद ही कुंदरकी पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने जब शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजने की तैयारी शुरू की तो परिजनों ने किसी तरह की कानूनी कार्रवाई करने से ही मना कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने शव को परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया। देर रात जब चालक साबिर का शव ग्राम मैनाठेर में उसके घर पर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं शव को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी। शनिवार की सुबह में गमगीन माहौल में चालक के शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया गया।