दिल्ली रोड स्थित कुंदन पेट्रोल पम्प में हड़ताल होने से बंद पड़ा पेट्रोल पम्प।
- फोटो : CITY
मुरादाबाद। नक्शा जमा ना कराने पर एमडीए द्वारा पेट्रोल पंप सील करने के विरोध में मंगलवार को पेट्रोल पंपों की हड़ताल रही। पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन का दावा है कि एसोसिएशन से जुड़े जिले के 125 पेट्रोल पंप शाम चार बजे तक पूरी तरह से बंद रहे। दावा किया गया कि सील हुए पेट्रोल पंप के डीलरों ने नक्शा आदि दस्तावेज एमडीए में जमा करा दिए हैं, यदि एमडीए सील नहीं खोलता तो यूपीटीयू (उत्तर प्रदेश ट्रेडर्स एसोसिएशन) इस संबंध में आगे की रणनीति पर निर्णय लेगा।
पेट्रोलियम एसोसिएशन की पूर्व घोषणा के अनुसार मंगलवार को शहर के रिलायंस और एस्सार के पेट्रोल पंप को छोड़कर अधिकांश पेट्रोल पंप शाम चार बजे तक बंद रहे। एसोसिएशन द्वारा पूर्व में ही हड़ताल की घोषणा कर दी गई थी इसलिए अधिकांश लोगों ने पहले ही अपने वाहनों में डीजल और पेट्रोल डलवा लिया था, बाहर से आने वाले वाहनों को जरूर थोड़ी परेशानी हुई। पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ जिले भर में पेट्रोल पंप पर राउंड लेते रहे।
शाम को उन्होंने दावा किया कि जिले में उनकी एसोसिएशन से जुड़े एचपी, आईओसी और बीपीसी के 125 पेट्रोल पंप हैं और सभी शाम चार बजे तक पूरी तरह बंद रहे। सभी ने एमडीए की इस कार्रवाई का विरोध किया है। एसोसिएशशन अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने देर शाम बताया कि कुछ पेट्रोल पंप संचालकों ने एमडीए में अपना नक्शा आदि दस्तावेज आदि जमा करा दिए हैं, लेकिन उनकी सील नहीं हटाई गई है। एमडीए ने सील लगाने से पहले ना कोई नोटिस दिया और ना ही कोई सूचना। सीलिंग की वजह से डीलर्स को काफी नुकसान हो रहा है इसलिए दस्तावेज जमा होने के बाद एमडीए को सील खोल देनी चाहिए।
शाम को पेट्रोल पंप खुलते ही लगी भीड़
दिन भर बंद रहे पेट्रोल पंप शाम को चार बजे जैसे ही खुले उन पर वाहनों की भीड़ लग गई। कुछ लोग इस संशय में भी थे कि यदि एमडीए ने पेट्रोल पंप की सील नहीं खोली और ये विवाद आगे बढ़ा तो बुधवार को फिर से पेट्रोल पंप वाले हड़ताल ना कर दें। बहुत से लोग इसी आशंका में अपने वाहनों में तेल डलवाने पहुंच रहे थे।