मुरादाबाद। आनंद विहार से मुजफ्फरपुर (बिहार) के बीच चलने वाली गाड़ी संख्या 02558 सप्तक्रांति एक्सप्रेस में गुरुवार को एक यात्री की अचानक मौत हो गई। यात्री दिल्ली से दवा लेकर लौट रहा था। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। कंट्रोल से सूचना मिलने पर जीआरपी ने यात्री का शव मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर उतारा। साथ में मौजूद रिश्तेदार से पूछताछ करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।
17 वर्षीय विपिन अपने चाचा राजा के साथ दिल्ली से दवा लेकर मुजफ्फरपुर के लौट रहा था, लेकिन रास्ते में बीमारी के कारण उसकी मौत हो गई। विपिन को क्या बीमारी थी, उसके चाचा ठीक से बता नहीं पाए। उनके पास कुछ जांच रिपोर्ट भी थीं, जिनके माध्यम से पुलिस बीमारी का पता लगा रही है। जीआरपी को दिए गए बयानों के मुताबिक विपिन ने मरने से दस मिनट पहले जांघ में तेज दर्द बताया था। इसके बाद वह चादर ओढ़कर लेट गया था। ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने किशोर की मौत की सूचना रेलवे को दी। इसके बाद जब शाम साढ़े पांच बजे ट्रेन मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर रुकी तो जीआरपी ने शव को उतारा और कोच को सैनिटाइज कराया। जीआरपी थाना प्रभारी के सुधीर कुमार के मुताबिक शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। मृतक के परिजनों को संपर्क कर सूचना पहुंचा दी गई है।