मुरादाबाद। कांग्रेस की प्रतिज्ञा रैली में फेरबदल किया गया है। रैली एक दिसंबर की अब दो दिसंबर को होगी। सर्किट हाउस के पीछे बुद्धि विहार के मैदान पर होने वाली इस रैली को प्रियंका गांधी संबोधित करेंगी। कांग्रेसी जोरशोर से रैली की तैयारी में जुटे हैं।
कांग्रेस विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी है। पार्टी प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की बड़ी रैलियां करा रही हैं। इसके तहत मुरादाबाद में भी प्रतिज्ञा रैली एक दिसंबर को होनी है। बीस नवंबर को कांग्रेसियों को इसकी सूचना भी दे दी गई थी। दो दिनों के मंथन के बाद रैली के लिए दिल्ली रोड सर्किट हाउस के पीछे बुद्धि विहार के मैदान का चयन किया गया, लेकिन अब इस रैली की तारीख में फेरबदल कर दिया गया है। जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद ने बताया कि प्रतिज्ञा रैली अब दो दिसंबर को होगी। स्थान सर्किट हाउस के पीछे बुद्धि विहार ही रहेगा। जहां दो दिसंबर को 11 बजे प्रियंका गांधी रैली को संबोधित करेंगी।