निगेटिव स्टाफ नर्स को बना दिया कोरोना पॉजिटिव
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ मेडिकल कॉलेज स्टाफ ने अमरोहा के जिला अस्पताल में तैनात स्टाफ नर्स को उनकी सैंपल रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव बताकर घर में कोहराम मचा दिया। 13 घंटे तक परेशान रही नर्स डिप्रेशन में चली गई और पूरी रात नहीं सो पाई।
शुक्रवार सुबह 11 बजे नर्स के पति ने मेडिकल कालेज फोन कर आईसोलेट होने के बारे में पूछा तो बताया गया है कि उनकी पत्नी की रिपोर्ट निगेटिव थी, गलती से पॉजिटिव हो गया था। इसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।
मेरठ के इंदिरा नगर ब्रह्मपुरी निवासी सुरभि शर्मा (28) पत्नी राजन शर्मा जिला अस्पताल अमरोहा में स्टाफ नर्स है। वह रोजाना मेरठ से आती-जाती है। सुरभि के मुताबिक 24 अप्रैल को वह ड्यूटी करके मेरठ घर लौटी थी।
इस बीच जिला अस्पताल अमरोहा का एक स्वास्थ्यकर्मी कोरोना पॉजिटिव मिला। एहतियात के तौर पर सुरभि ने 29 अप्रैल को मेरठ मेडिकल कॉलेज में अपना सैंपल कराया।गुरुवार रात करीब दस बजे उनके पति के मोबाइल पर मेडिकल कालेज से कॉल आई कि उनकी पत्नी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह पति के साथ मेडिकल कालेज पहुंची।