आज से (शुक्रवार) मेमू ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा। रेलवे ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। दोपहर 3.30 पर रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा मेमू को हरी झंडी दिखाएंगे। हालांकि रैक न मिलने के कारण अब दो की बजाए केवल एक ट्रेन चलेगी। ट्रेन का संचालन मुरादाबाद - आनंद विहार टर्मिनल के बीच होगा।
मुरादाबाद से गाजियाबाद के बीच इलेक्ट्रिफिकेशन पूरा होने के बाद से ही मेमू के संचालन की मांग तेज हो गई थी। इससे पहले डेमू की मांग होती रही थी। अमरोहा में एक कार्यक्रम के दौरान रेल राज्यमंत्री ने ट्रेन के संचालन की घोषणा की थी। 17 मार्च को मुरादाबाद आनंद विहार और मुरादाबाद सहारनपुर के बीच मेमू चलाए जाने की घोषणा की गई थी।
लेकिन रैक की कमी के कारण मामला खटाई में पड़ता दिखाई दे रहा था। गुरुवार को कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया, लेकिन एक रैक मिल जाने के बाद फिर से कार्यक्रम की घोषणा की गई। अब मुरादाबाद से आनंदविहार टर्मिनल के लिए मेमू चलाई जाएगी। ट्रेन का नोटिफकेशन जारी कर दिया गया।
मेमू 64553-54 नंबर से चलेगी। जिसका कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है। सीनियर डीसीएम पुष्प राज ने बताया कि रेल राज्यमंत्री शुक्रवार को मुरादाबाद स्टेशन से मेमू को झंडी दिखाएंगे। दोपहर 3:30 से 4:30 बजे तक वे मुरादाबाद में रहेंगे।