अब अपने शहर में भी मेट्रो पुल की तर्ज पर सिंगल पिलर पर वाला फ्लाईओवर होगा। फव्वारा तिराहे से मिगलानी रोड तक बनने वाला यह फ्लाईओवर शहर की लड़खड़ाई ट्रैफिक व्यवस्था को काफी हद तक दुरुस्त कर देगा। या यूं कहिए कि आप जाम में फंसे बिना ही शहर को पार कर जाएंगे।
सेतु निगम द्वारा फ्लाईओवर की जो ड्राइंग तैयार की गई है उसके अनुसार फ्लाईओवर का निर्माण फव्वारा तिराहे से लेकर संभल चौराहा से 100 मीटर पहले मिगलानी सिनेमा रोड तक किया जाना है। यह फ्लाईओवर हाईवे को कहीं डिस्टर्व नहीं करेगा। क्योंकि पूरा पुल सिंगल पिलर पर खड़ा होगा। लिहाजा शहर का जो हाईवे है उस पर पहले की ही तरह ट्रैफिक दौड़ता रहेगा।
इसी महीने शासन में जाएगा प्रस्ताव
सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर डीके गुप्ता का कहना है कि शासन ने फिजिबिलिटी के बारे में पूछा था। इंजीनियरों की टीम ने सर्वे किया था। फिजिबिलिटी मिलने के बाद ड्राइंग भी तैयार कर ली है। अब स्टीमेट बनाया जा रहा है। इसी महीने स्टीमेट फाइनल करने के बाद शासन को भेज दिया जाएगा। शासन से मंजूरी मिलने के बाद ही आगे की प्लानिंग की जाएगी।
100 करोड़ की लागत से होगा निर्माण
इस फ्लाईओवर के निर्माण पर 100 करोड़ की लागत आएगी। यह फ्लाईओवर 2.6 किलोमीटर का होगा। इसकी चौड़ाई ग्यारह मीटर रखी गई है। इंजीनियरों का कहना है कि निर्माण का काम संभल चौराहा वाली साइड से शुरू होगा। फ्लाईओवर को इस तरह से बनाया जाएगा कि एक साइड कांठ रोड को जोड़ेगी तो दूसरी साइड लोकोपुल वाले रास्ते को।
स्टेशन और इंपीरियल तिराहे से जाम से मिलेगी निजात
अगर शहर के हाईवे की बात की जाए तो इस समय सबसे बड़ा जाम रेलवे स्टेशन और इंपीरियल तिराहे पर लगता है। यहां लगने वाले जाम से शहर भर की ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो जाती है। उधर बुधबाजार का ट्रैफिक प्रभावित हो जाता है तो वहीं कपूर कंपनी तक वाहन फंस जाते हैं। कपूर कंपनी तक वाहनों की कतार लग जाने के कारण लाइनपार वालों का रास्ता भी बंद हो जाता है। मगर इस फ्लाईओवर के बन जाने से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था काफी हद तक दुरुस्त हो जाएगी।