मुरादाबाद के छजलैट थानाक्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने तीन लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी ने पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
पीड़ित महिला ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव में रहने वाला एक युवक उस पर लंबे समय से बुरी नजर रखता था। उसने बदनामी के डर से आरोपी की शिकायत अपने परिवार से नहीं की थी। महिला का कहना है कि 15 नवंबर की रात करीब 11 बजे वह अपने घर में मौजूद थी। इसी दौरान गांव निवासी आरोपी और उसके दो साथी घर में घुस आए।
आरोप है कि आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट की और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए। महिला ने इस मामले की शिकायत अपने पति से फोन पर की। तब पति बदायूं से घर लौट आए और पीड़िता को लेकर थाने गए। लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। एसएसपी बबलू कुमार ने छजलैट थाना प्रभारी को प्रकरण की जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।