डिलारी थानाक्षेत्र में एक मासूम के मुंह में तमंचे की नाल डाल कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी का हल्की धाराओं में चालान कर दिया। मासूम के पिता ने शनिवार का इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से डिलारी पुलिस की शिकायत की। एसएसपी ने प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं। इस मामले में सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हो रहा है।
डिलारी थाना क्षेत्र के ईलर गांव निवासी कुलदीप किसान हैं। उन्होंने शनिवार को एसएसपी कार्यालय पहुंच कर प्रार्थना पत्र दिया, जिसमें कुलदीप ने बताया कि उनका चार वर्षीय बेटा आदित्य उनके साथ रहता है। पत्नी अंजली दो साल से मायके में रहती है। दादी ही आदित्य की देखभाल करती है। 20 दिन पहले दादी पोते घर में अकेले थे, जबकि कुलदीप और अन्य परिजन बाहर गए थे।
आरोप है कि इसी दौरान कुलदीप का चचेरा भाई अजीत आया। वह आदित्य को अपने साथ ले गया। इस दौरान युवक ने आदित्य को अपने घर ले जाकर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसके मुंह में तमंचे की नाल डालकर मारने का प्रयास किया। आरोपी ने मोबाइल से वीडियो भी बनाया, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
वह वीडियो आदित्य के पिता के मोबाइल पर भी आ गया, जिसे देखकर कुलदीप के होश उड़ गए। उसने इस मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने 18 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
कुलदीप का आरोप है कि डिलारी पुलिस ने केस दर्ज करने में धाराएं हल्की लगाई हैं। पिता ने मामले में जानलेवा हमले और अन्य धााराएं बढ़ाने की मांग की है। एसएसपी ने इस मामले में जांच कराने के आदेश दिए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया है कि वह जांच कराकर उचित कार्रवाई करेंगे। डिलारी थाना प्रभारी सुरेश कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेजा जा चुका है।