जिले में डेंगू और बुखार का कहर बढ़ता ही जा रहा है। रविवार को मैनाठेर में चार और कुंदरकी में एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। इनमें से एक को डेंगू बताया गया है जबकि बाकी चार की मौत बुखार से हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को इन मौतों के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
कुंदरकी के गांव बघी गोवर्धनपुर में बुखार से मौतों का सिलसिला जारी है। गांव में अब तब छह मौतें हो चुकी हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर भी लगाया लेकिन बुखार के गंभीर मरीजों को झोलाछाप डॉक्टरों के पास भटकना पड़ रहा है।
सही इलाज न मिलने से मरीजों की मौत हो रही है। लोगों का कहना है कि टीम स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा देकर भूल जाती है। गांव में लगातार शिविर होने चाहिए। गंभीर मरीजों को सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया जाना चाहिए।
रविवार को 22 नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। अब डेंगू के मरीजों की संख्या 369 हो गई है। नए मरीजों में कमलेश (53), अभिषेक(20), संयम (15), राहुल (22), अविरल (35), राफदा (28), महरुल निशा (35), अहमदी (48), रुबीना(30), परी (4), सत्यपाल सिंह(52), कपिल कुमार(31), निशा (23), माया (56), रोहित कुमार (25), श्रेयांश (6), गुलफिजा (17), अजय (32), सौरभ अहूजा (40), संजय भटनागर (58), राजेश शर्मा (55), मीरा सुख (42) शामिल हैं।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव ने बताया कि गांवों में लगातार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। रविवार को आयुष्मान मेले में 500 से ज्यादा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। 22 मरीजों के खून के नमूने लिए गए। इनमें से किसी में डेंगू की पुष्टि नहीं हुई है। यदि किसी को डेंगू व बुखार के लक्षण हैं तो वह 0591-2411224 पर कॉल करके जानकारी दे सकता है।