मुरादाबाद एयरपोर्ट के लोकार्पण की तैयारियां शुरू
- फोटो : अमर उजाला
मुरादाबाद हवाई अड्डे के उद्घाटन से पहले निमंत्रण कार्ड पर कई जनप्रतिनिधियों का नाम न होने से घमासान शुरू हो गया था। मामला प्रकाश में आने के बाद जिला प्रशासन की ओर से कार्ड दोबारा जारी किए गए हैं। इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एमएलसी चौधरी भूपेंद्र सिंह, मेयर विनोद अग्रवाल, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, गोपाल अंजान, सतपाल सिंह, हरि सिंह ढिल्लो के नाम जोड़े गए हैं।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों में शहर विधायक रितेश गुप्ता और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शैफाली सिंह का नाम पहले से शामिल था। पहले छपे कार्ड पर सवाल उठने पर कार्ड हमने नहीं छपवाया कहकर जिला प्रशासन और एयरपोर्ट अथॉर्टी ने अपना पल्ला झाड़ लिया था।
शनिवार को दोबारा कार्ड जारी होने से चर्चाओं पर विराम लगा है। 10 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश के पांच हवाई अड्डों (मुरादाबाद, अलीगढ़, चित्रकूट, आजमगढ़ और श्रावस्ती) का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। इस उद्घाटन समारोह के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और निर्यातकों को निमंत्रण कार्ड भेजे गए हैं।
इस कार्ड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय मंत्री वीके सिंह, कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद के नाम शामिल हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों में सपा सांसद डॉ. एसटी हसन और सपा विधायकों के नाम अब भी शामिल नहीं हैं।
इस हवाई अड्डे के निर्माण की शुरुआत सपा शासनकाल में ही हुई। उद्घाटन कार्ड में नाम न होने अथवा न बुलाए जाने से कोई फर्क नहीं पड़ता। मुझे खुशी है कि मुरादाबाद से हवाई सफर की सेवा शुरू हो रही है। इसका लाभ यहां की जनता को मिलेगा। उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। मैंने तीन बार संसद में इसकी आवाज उठाई। मेरी मांग पर 23 करोड़ रुपये भी स्वीकृत हुए थे। इस पर मैंने सरकार के मंत्री का शुक्रिया भी अदा भी किया था।
- डॉ. एसटी हसन, सपा सांसद