भोजपुर (मुरादाबाद)। देवीपुरा गांव में शुक्रवार शाम उस समय माहौल गर्म हो गया, जब कुछ दबंगों ने अनुसूचित जाति के युवक की बरात अपने मोहल्ले से गुजरने से रोक दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया और उसी मोहल्ले से बरात निकलवाई। पुलिस का कहना है कि बरातियों में कुछ युवक नशा किए हुए थे, इस कारण दूसरे पक्ष के लोगों ने आपत्ति जताई थी। बरात रोके जाने का मामला नहीं है।
भोजपुर क्षेत्र के गांव देवीपुरा में शुक्रवार शाम राजा वाले मझरे से अनुसूचित जाति के युवक की बरात आई थी। गांव के प्राइमरी स्कूल में जनवासा और अल्पाहार के बाद बरात चढ़ी। बरात जब एक मोहल्ले की ओर मुड़ी तो कुछ दबंगों ने रास्ता रोक लिया। दबंगों का कहना था कि बरात इस मोहल्ले से नहीं गुजरेगी। इस बात पर विवाद होने लगा। थोड़ी ही देर में भीड़ जमा हो गई। इस दौरान गणमान्य लोगों ने गांव में माहौल खराब होने की सूचना पुलिस को दी। भोजपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही दबंग इधर-उधर हो गए। बरात का रास्ता रोके जाने से अनुसूचित जाति के लोगों में रोष फैल गया। पुलिस ने उसी रास्ते से बरात की चढ़त करा उन लोगों को शांत किया। पुलिस की जांच में गांव वालों ने बरात रोकने वाले दबंगों केे नाम भी बताए। एसएचओ सुनील कुमार ने बताया कि बरात में कुछ लोग शराब पीकर हुड़दंग कर रहे थे, इसी बात पर विवाद हुआ। घटना के संबंध में किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।