मुरादाबाद। मझोला के मनोहरपुर गांव में रातों रात एक मीनार खड़ी कर दी गई। मंगलवार सुबह लोगों ने मीनार देखी तो गांव में माहौल गरमा गया। सूचना मिलने पुलिस गांव में पहुंची और जांच पड़ताल की। देर रात पुलिस दोनों पक्षों से वार्ता कर मीनार हटाने का प्रयास कर रही थी।
शहर से सटे मनोहरपुर गांव में मिश्रित आबादी है। बताया जा रहा है कि गांव में एक मदरसा है। मदरसा मुस्लिम आबादी के बीच में है। जिस कारण दूसरे समुदाय के लोग उस मोहल्ले में नहीं जाते आते हैं। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह लोग जागे तो उन्होंने मदरसे में एक ऊंची मीनार खड़ी देखी। दूसरे समुदाय के लोगों ने इसका विरोध किया। जिसे लेकर गांव में माहौल गरमा गया। यूपी 112 को सूचना दी गई। पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और उच्च अफसरों को इस मामले की जानकारी दी। इसके बाद एलआईयू की टीम ने गांव में जाकर जांच पड़ताल की गई और अफसरों को रिपोर्ट भेज दी। मंगलवार रात मझेला थाना प्रभारी जीत सिंह और सीओ इंदु सिद्धार्थ फोर्स लेकर गांव पहुंच गए और उन्होंने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद मीनार हटाने का प्रयास शुरू किया गया। पुलिस अधीक्षक नगर अमित आनंद ने बताया कि कुछ लोगों ने मीनार खड़ी की है। दोनों पक्षों से वार्ता कर मीनार को हटाने का प्रयास किया जा रहा है। इस मामले में कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।