मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में मंगलवार शाम अपने पति के साथ लौट रही महिला से बदमाशों ने तमंचे के बल पर जेवर लूट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित दंपती से घटना के बारे में जानकारी ली।
मझोला के मंगूपुरा गांव निवासी नीरज चौकीदार है। मंगलवार शाम वह पत्नी के साथ हर्बल पार्क गया था। शाम करीब छह बजे दंपती स्कूटी से घर लौट रहा था। नया मुरादाबाद में ब्राइट स्टार अस्पताल के पास बाइक सवार दो बदमाश आ गए। बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने नीरज से स्कूटी रुकवा ली। बदमाशों ने पति-पत्नी पर तमंचे तान दिया और गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद महिला से कुंडल और पाजेब उतरवा लीं। इसके बाद बदमाश शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। बदमाशों के भाग जाने के बाद पीड़ित दंपती ने शोर मचाया। राहगीरों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर मझोला थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और बदमाशों की तलाश की। थाना प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि इस मामले में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। बदमाशों की तलाश में क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है।