मुरादाबाद। दैनिक मजदूरी कर परिवार चलाने वाले व्यक्ति ने फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह उनका शव बरामदे में दुपट्टे के सहारे फंखे के कुंडे से लटका मिला। पत्नी की चीख पुकार सुनकर आस पड़ोस लोग आ गए और पुलिस को सूचना दी। शनिवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी लटकने से मौत होने की पुष्टि हुई है। आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
कुंदरकी थानाक्षेत्र के चांदपुर मंगोल निवासी प्रदीप कुमार (32) चार माह से मझोला थानाक्षेत्र के मिलन विहार किराये के मकान में रहते थे। परिवार में पत्नी गीता, दो बेटे 12 वर्षीय निशांत और 7 वर्षीय हर्ष हैं। प्रदीप के भाई ब्रजकिशोर ने पुलिस बताया कि प्रदीप शुक्रवार को अपने पैतृक गांव गए थे। भाई ने उनसे खाना खाने को कहा था, लेकिन उन्होंने खाना खाने से इनकार कर दिया था। इसके बाद वह वापस मुरादाबाद आ गए थे। घर आने के बाद वह लेट गए थे। शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे प्रदीप की पत्नी जागी और उन्होंने देखा कि बरामदे में लगे पंखे के कुंडे से दुपट्टे के सहारे प्रदीप का शव लटका हुआ था। पत्नी की चीख पुकार सुनकर मकान मालिक और आस पड़ोस लोग आ गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम मौके पर बुला ली। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। सहायक पुलिस अधीक्षक सागर जैन ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लटकने से मौत होने की पुष्टि हुई है। शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। आत्महत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। फिलहाल परिजन भी कुछ नहीं बता पा रहे हैं।