मुरादाबाद। मेडिकल स्टोर से नशीले इंजेक्शन और कैप्सूल बेचने के जुर्म में मझोला पुलिस ने एक मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से नशे के 480 कैप्सूल और 106 इंजेक्शन बरामद किए हैं। उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
सहायक पुलिस अधीक्षक सागर जैन ने बताया कि मझोला के सूर्यनगर निवासी मेडिकल स्टोर संचालक अरुण कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस टीम ने उससे सफेद रंग का थैला बरामद किया जिसमें दो डिब्बों में 480 कैप्सूल और 106 इंजेक्शन बरामद हुए। फार्मासिस्ट और विशेषज्ञों से जांच पड़ताल कराने पर पता चला कि ये इंजेक्शन और कैप्सूल नशे के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं। पूछताछ में अरुण कुमार शर्मा ने बताया कि मझोला के ढक्का में उसका मेडिकल स्टोर है। वह मेडिकल स्टोर से ही नशे के सामान की तस्करी करता है। ये भी बताया है कि उसके साथ इस धंधे में अन्य लोग भी जुड़े हैं। वह यह नशीली दवाएं अन्य जनपदों से लाकर मझोला, कटघर और आस-पड़ोस के थानाक्षेत्र में बेचता है मझोला थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि अरुण कुमार शर्मा खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया गया है। शनिवार सुबह उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।