मुरादाबाद। शहर में फूड कॉर्नर, दुकान, पेट्रोल पंप सहित अपनी कुल 150 सपंत्तियों को एमडीए नीलामी से आवंटित करेगा। एमडीए ने सर्वे के बाद इन्हें चिह्नित कर लिया है।
एमडीए सचिव सर्वेश गुप्ता ने बताया कि एमडीए वीसी मधुसूदन हुल्गी ने मुरादाबाद और गजरौला में एमडीए की अलग-अलग तरह की अनावासीय संपत्तियों का सर्वे कराया है। इसमें 150 संपत्तियों को चिह्नित किया गया है। इनमें शैक्षणिक और व्यावसायिक भूखंड, दुकानें, सब्जी प्लेटफार्म, फूड कॉर्नर, पेट्रोल पंप आदि शामिल हैं। इन संपत्तियों को नीलामी के माध्यम से आंवटित किया जाएगा।
दीपावली के अवसर पर स्कीम निकाली गई है। इन्हें लेेने के इच्छुक लोग सिविल लाइंस के आईसीआईसीआई बैंक जाकर इनसे संबंधित बुकलेट ले सकते हैं। इनमें सभी भूखंडो की पूरी जानकारी, उनका स्थान, रेट, नियम और भुगतान संबंधी सभी जानकारी दी गई हैं। अपनी पंसद की संपत्ति के लिए व्यक्ति आवेदन कर सकता है।
उधर वीसी ने शनिवार को शाहपुर तिगरी और सोनकपुर में निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवासों का निरीक्षण किया। सोनकपुर भवनों में विद्युत संबंधी कार्यों में कमी पर नाराजगी जताई। ठेकेदार को चेतावनी दी गई है कि वह कार्य में तेजी लाएं।