मुरादाबाद। मझोला थाना के बुद्धि विहार क्षेत्र में रविवार को मार्निंग वाक पर निकलीं विहिप नेता की पत्नी समेत दो महिलाओं से बाइक सवार तीन लुटेरों ने तमंचे के दम पर रास्ते में रोककर चेन और अंगूठी लूट ली। महिलाओं से छीना झपटी होती देख चंद कदम की दूरी पर स्थित लैपर्ड-27 के बाइक सवार दो पुलिसकर्मियों ने उनका पीछा भी किया, लेकिन लुटेरों के करीब पहुंचने से पहले ही उनकी बाइक फिसल गई। बाइक गिरने से दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने विहिप नेता की पत्नी की तहरीर पर लूट का मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
मझोला थाना क्षेत्र के एलआईसी रोड बुद्धि विहार निवासी एवं विश्व हिंदू परिषद के महानगर सत्संग प्रमुख राजेश शर्मा होलसोल मेडिसिन का कारोबार करते हैं। उनकी पत्नी रचना शर्मा ने बताया कि सुबह करीब छह बजे पड़ोसी एलआईसी डेवलपमेंट ऑफिसर प्रेमचंद्र की पत्नी मधु वर्मा के साथ मार्निक वॉक पर निकली थीं। जैसे ही वह एमजीआर होटल से आगे होली चौक पहुंचीं, वैसे ही सामने से आए बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उनके करीब पहुंच बाइक रोक ली।
इसके बाद बाइक से उतरकर एक बदमाश ने दोनों महिलाओं पर पिस्टल तान दिया और सभी जेवर जल्दी उतारने को कहा। स्थिति को भांप रचना शर्मा ने पीछे मुड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन हड़बड़ाहट में वह गिर गईं। तभी बाइक सवार दूसरे बदमाश ने उन्हें दबोच लिया और उनके गले से सोने की चेन छीन ली। इसी बीच पिस्टल दिखा धमकाने वाले बदमाश ने मधु वर्मा से एक अंगूठी उतरवा ली और दूसरी अंगूठी उतरवाने के लिए छीना झपटी शुरू कर दी।
महिलाओं से छीना झपटी होती देख तथा शोर शराबा सुन घटना स्थल से करीब 100 मीटर दूर बाइक से गश्त कर रहे दो पुलिस कर्मी मौके की ओर भागे। इसके चलते बदमाश महिलाओं के शरीर पर मौजूद अन्य गहने नहीं लूट सके और आनन-फानन बाइक पर सवार हो दिल्ली रोड की ओर फरार हो गए।
बाइक से गश्त कर रहे दो पुलिसकर्मी भी उनकी ओर भागे, लेकिन थोड़ी दूर पर ही सड़क खराब होने के कारण उनकी बाइक फिसल गई। हादसे में दोनों पुलिसकर्मी अर्पित और मारकोनी घायल हो गए। रचना शर्मा के अनुसार घायल पुलिसकर्मियों ने बाइक उठा फिर उनका पीछा किया, लेकिन तब तक बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे।
दिन दहाड़े लूट की इस घटना से सुबह इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया। सूचना पर एसपी सिटी अमित कुमार आनंद, सिओे सिटी इंदू सिद्धार्थ और थानाध्यक्ष मझोला अशोक कुमार भी कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गए। सभी ने लूट का शिकार हुई महिलाओं से बातचीत की।
एसपी सिटी ने बदमाशों की तलाश में टीमें रवाना कीं, लेकिन देर शाम तक लुटेरों का कोई सुराग नहीं लगा। थानाध्यक्ष मझोला ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। लुटेरों की तलाश की जा रही है। इसके लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं।