फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसान आंदोलन : मुरादाबाद से आगे नहीं बढ़ीं पंजाब मेल और जम्मूतवी एक्सप्रेस

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। पंजाब के जालंधर-चहेरू रेलखंड पर किसानों के आंदोलन के कारण रेल महकमे में खलबली मच गई। इस रेलखंड में किसान पटरियों पर धरना प्रदर्शन करने बैठ गए हैं। इसके कारण पंजाब जाने वाली ट्रेनों को रास्ते में ही विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा। गाड़ी संख्या 03005 पंजाब मेल और 04693 कानपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस मुरादाबाद से आगे नहीं चलाई गईं। दोनों ट्रेनों को मुरादाबाद में रोके जाने से इनमें सवार तकरीबन 800 यात्री परेशान हो गए।
विज्ञापन

बिना किसी पूर्व घोषणा के अचानक ट्रेनों के रोके जाने का कारण यात्रियों के समझ नहीं आया। देखते ही देखते स्टेशन पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। ट्रे्न में सवार यात्रियों के अलावा मुरादाबाद से पंजाब जाने वाले यात्री भी परेशान हो गए। गुस्साए लोगों ने स्टेशन मास्टर कार्यालय में जाकर हंगामा भी किया। हालांकि मौके पर मौजूद आरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट टीएस रावत और उनकी टीम ने स्थिति को संभाला। इस सब हंगामे के बीच ट्रेन से पंजाब जा रहे मरीज, महिलाओं और बच्चों को काफी परेशानी हुई। वहीं रेलवे द्वारा आगे की यात्री की कोई व्यवस्था भी नहीं की गई। पंजाब मेल के स्लीपर कोच में सफर कर रहे बुजुर्ग, मरीजों के परिजनों ने काफी हंगामा भी किया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। अंत में उन्हें बस से पंजाब जाना पड़ा।
स्टेशन पर हंगामे की सूचना पाकर सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने प्लेटफार्म पर घोषणा के माध्यम से यात्रियों को सूचना दिलवाई। तकरीबन पचास टीटीई अलग-अलग प्लेटफार्म पर यात्रियों को समझाने में लगे रहे। जीआरपी थाना प्रभारी सुधीर कुमार और आरपीएफ कंपनी कमांडर धर्मेंद्र सिंह राणा ने प्लेटफार्म नंबर तीन पर मोर्चा संभाला। कानपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस को प्लेटफार्म संख्या पांच और पंजाब मेल को प्लेटफार्म संख्या तीन पर रोका गया था। इसके बाद दोनों ट्रेनों को यार्ड में खड़ा कर दिया गया। तकरीबन दो घंटे तक स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
विज्ञापन

टिकट रिफंड को लेकर परेशान रहे यात्री
ट्रेनों को मुरादाबाद स्टेशन पर रोके जाने के बाद पंजाब जा रहे यात्री टिकट रिफंड के लिए परेशान रहे। इसके बाद सीआईटी विजयंत कुमार शर्मा और उनकी टीम ने रिफंड बुक द्वारा यात्रियों को भुगतान कराया। तो वहीं कुछ ऐसे यात्री भी थे जिनके पास वापसी के रुपये नहीं थे। उन्हें रेलवे ने दूसरी ट्रेन से वापस वहीं भिजवा दिया जहां से उन्होंने यात्रा शुरू की थी। शेष बचे यात्री बसों से अपने गंतव्य को रवाना हो गए।
धनबाद-फिरोजपुर एक्सप्रेस में चढ़ गए यात्री
पंजाब जाने वाले ऐसे यात्री जिन्हें कोई जरिया नहीं सूझा वे धनबाद-फिरोजपुर एक्सप्रेस में सवार होकर फिरोजपुर के लिए रवाना हो गए। फुट ओवर ब्रिज पर न चढ़कर यात्री पटरियों के बीच से गुजरे और ट्रेन में सवार हो गए। वहीं जीआरपी और आरपीएफ पुलिसकर्मी उनकी सुरक्षा में लगे रहे। इसके अलावा मंडल में बेगमपुरा समेत दो और ट्रेनों को रोका गया।
ट्रेनों के रोके जाने की पहले से कोई घोषणा नहीं की गई थी। किसान अचानक रेलवे ट्रैक पर आ गए। इसके चलते रेल संपत्ति और किसान दोनों की सुरक्षा के लिहाज से ट्रेनों को मुरादाबाद में रोकना पड़ा। यात्रियों को टिकट रिफंड की सुविधा दी जा रही है। यात्रियों को भी व्यवस्था बनाने में सहयोग करना चाहिए, उन्हें हुई असुविधा के लिए हमें खेद है।
विज्ञापन

- सुधीर सिंह, सीनियर डीसीएम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें