नैनीताल के होटल में महिला पर्यटक इरम खान की मौत का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने 20 दिन बाद इरम हत्याकांड का खुलासा किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पत्नी पर मुकदमा वापस लेने का दवाब बना रहा था।
पुलिस ने नैनीताल के तल्लीताल क्षेत्र के एक होटल में बीते दिनों महिला पर्यटक इरम खान की मौत का खुलासा कर दिया है। बिसरा रिपोर्ट से खुलासा हुआ कि इरम के साथ होटल में ठहरे मो. गुलजार ने ही सल्फास देकर उसकी जान ली थी। पुलिस ने गुलजार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
विज्ञापन
20 दिन पहले मुरादाबाद निवासी गुलजार वहीं की इरम खान को लेकर तल्लीताल के एक होटल में ठहरा था। पुलिस की मौजूदगी में होटलकर्मियों ने दरवाजा खोला तो बेड पर इरम का शव पड़ा था जबकि गुलजार फरार था।
नैनीताल पहुंची इरम की मां जुबेदा खातून, बहन फरहीन और ममेरे भाई शारिक ने पुलिस को बताया था कि गुलजार एक साल से इरम को परेशान कर रहा था। उन्होंने गुलजार पर अपहरण और हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। इसके बाद तल्लीताल पुलिस ने गुलजार व उसके तीन साथियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 के तहत मुकदमा दर्ज किया।
विज्ञापन
पुलिस ने इरम का बिसरा जांच के लिए रुद्रपुर भेज दिया और गुलजार को पूछताछ के बाद छोड़ दिया। 20 दिन के बाद पुलिस को बिसरा की रिपोर्ट मिली है तो खुलासा हो गया। रविवार को सीओ विभा दीक्षित ने तल्लीताल थाने में पत्रकार वार्ता कर कहा कि बिसरा रिपोर्ट में सल्फास के सेवन से महिला की मौत होने की पुष्टि हुई है।
आरोपी मोहम्मद गुलजार निवासी करूला रहमत नगर गली नंबर- 4 नियर गुलाम ए रसूल मस्जिद थाना कटघर जिला मुरादाबाद को गिरफ्तार कर लिया है। टीम में तल्लीताल थाने के एसआई नीरज सिंघल, शिवराज राणा, अमित गहलोत, ललित राम, राजेंद्र सिंह मेहरा, पूनम राणा व सर्विलांस सेल से अनिल गिरी शामिल रहे।
इरम पर बना रहा था मुकदमा वापस लेने का दबाव
बिसरा रिपोर्ट व पुलिस की तहकीकात में कई तथ्य सामने आए हैं। एसओ रोहिताश सिंह सागर ने बताया कि पूर्व से ही मो. गुलजार का आपराधिक इतिहास रहा है। गुलजार के खिलाफ पूर्व से ही मारपीट अन्य मुकदमे दर्ज हैं। पूर्व में इरम ने गुलजार के खिलाफ दुष्कर्म और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था।
इसके बाद इरम गुलजार से अलग रह रही थी। गुलजार बार-बार उस पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाता रहा। जब इरम नहीं मानी तो उसने घुमाने के बहाने नैनीताल लाकर ठिकाने लगाने की योजना बनाई। गुलजार ने सफाई से होटल के कमरे से सुबूत मिटाए थे। सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध व्यक्तियों के कॉल डिटेल की मदद से पुलिस ने आरोपी के खिलाफ साक्ष्य एकत्र किए।
गुलजार की दूसरी पत्नी थी इरम
पुलिस तहकीकात में पता चला है कि मो. गुलजार ने इरम से दूसरा निकाह किया था। पूर्व की पत्नी से गुलजार को दो बच्चे हैं। इरम की मौत के 20 दिन बाद भी उसके मोबाइल का पता नहीं चल पया है। एसओ ने बताया कि आरोपी ने होटल से खाने व कई चीजों को कमरे से कूडे़ के बहाने फेंक दिया था जिसमें इरम का मोबाइल भी था। मोबाइल की खोजबीन की जा रही है।