मुरादाबाद। संक्रमण काल के इस दौर में एक ओर कोरोना का प्रभाव कम हुआ है तो दूसरी ओर डेंगू ने पांव पसार दिए हैं। जिले में सितंबर में कोरोना का ज्वार कम रहा, लेकिन डेंगू का डंक अधिक प्रभावी रहा। एक सितंबर से पांच अक्तूबर तक जिले में डेंगू के 138 मरीज मिले, जबकि कोरोना पॉजिटिव केसों की संख्या सिर्फ दो रही।
कोरोना संक्रमण काल में सितंबर का महीना राहत भरा रहा।
सितंबर में जांच तो खूब हुई, लेकिन कोरोना पॉजिटिव केसों की संख्या सिर्फ एक रही। इससे पहले मार्च 2020 में सिर्फ एक पॉजिटिव केस था। वहीं, आठ सितंबर को जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या शून्य हो गई। हालांकि एक महीने बाद मंगलवार को कोरोना का मरीज मिल गया।
दूसरी ओर, सितंबर माह में कोरोना का प्रभाव कम हुआ तो डेंगू और वायरल का प्रकोप बढ़ गया। एक सितंबर से पांच अक्तूबर तक जिले में डेंगू के 134 मरीज मिल चुके हैं। दो डेंगू पीड़ितों की मौत भी हो चुकी है। इसके अलावा सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में 9313 बुखार पीड़ित मिले। ऐसे में बदलते संक्रमण के इस दौर में अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है।