रामपुर। अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाणपत्र, दो पैन कार्ड और दो पासपोर्ट मामले में बुधवार (11 अगस्त) को सुनवाई होगी। इससे पूर्व की तारीख में इन मामलों में आरोप तय किए जाने की प्रक्रिया को लेकर बहस हुई थी।
अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाणपत्र होने के आरोप में भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक आकाश सक्सेना ने गंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप है कि अब्दुल्ला आजम का एक जन्म प्रमाणपत्र रामपुर नगर पालिका से बनवाया गया है तो दूसरा लखनऊ से। इस मामले में पुलिस कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है और कोर्ट में आरोप तय करने की प्रक्रिया चल रही है।
इस मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट में तीन अगस्त से लेकर पांच अगस्त तक हर दिन सुनवाई के दौरान दोनों पक्ष के वकीलों में बहस हुई। साथ ही पिछली तारीख पर कोर्ट ने इस प्रकार के अन्य मामलों में हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट से पूर्व में हुए फैसलों की नजीर प्रस्तुत करने को कहा था। अब बुधवार को अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाणपत्र मामले के साथ ही उनके दो पैनकार्ड और दो पासपोर्ट के मामलों में सुनवाई होगी।