मुरादाबाद। अगर आप कोरोना टीकाकरण से वंचित रह गए हैं तो रविवार को भी अवकाश के दिन टीका लगाने का मौका है। आज शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे। जहां कोरोना से बचाव का टीका लगाया जाएगा।
जिले में शनिवार तक 12.56 लाख लोगों को पहली डोज लगाई जा चुकी है, जबकि करीब साढे़ तीन लाख लोग दोनों डोज लगवा चुके हैं। बावजूद इसके प्रदेश में टीकाकरण में मुरादाबाद पिछड़ा हुआ है। ऐसे में टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने के लिए रविवार को भी टीकाकरण केंद्र खोलने का निर्णय लिया गया है। रविवार को भी कोरोना से बचाव का टीका लगाया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दीपक वर्मा ने बताया कि आने वाले दो तीन हफ्ते तक रविवार को भी टीका लगाने की योजना बनाई गई है। आज शहर और ग्रामीण इलाकों में टीकाकरण के सत्र आयोजित किए जाएंगे।
आज शहर के इन केंद्रों पर लगेगा टीका
जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, केंद्रीय पुलिस अस्पताल, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरथला, फकीरपुरा, नया गांव, किसरौल, नवाबपुरा, कानूनगोयान, कटघर, गुलाबबाड़ी, गाड़ी खाना, कंजरी सराय, कोठीवाल नगर, टाउनहॉल, कांशीराम नगर, मझोली, मझोला, चिड़िया टोला, मियां कॉलोनी, रहमतनगर, आदर्श नगर और पीतल बस्ती।