मुरादाबाद। कांग्रेस द्वारा विधानसभा चुनाव 2022 का आगाज रविवार को बनारस में प्रस्तावित प्रियंका गांधी की रैली से होगा। इस रैली में जिले के कांग्रेसी भी शामिल होंगे। शनिवार को जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद अपनी टीम के साथ रैली के लिए रवाना हुए।
रविवार को बनारस में पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी किसान न्याय रैली करेंगी। इसमें प्रदेश की कांग्रेस इकाइयों को प्रतिभाग करने के निर्देश दिए गए हैं।
इससे पहले पितृ पक्ष के चलते प्रियंका की कई रैलियों को स्थगित कर दिया गया था। अब बीच नवरात्रों में शिव की नगरी वाराणसी से न्याय रैली के जरिए प्रियंका गांधी आगामी विधानसभा चुनाव का शंखनाद करेंगी। इस रैली के जरिये लखीमपुर और गोरखपुर के अलावा कृषि बिल के मुद्दों को उठाए जाने की संभावना है।
प्रवक्ता सुधीर पाठक के मुताबिक कांग्रेस जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद के अलावा जिले के तमाम नेता इस न्याय रैली के साक्षी बनने बनारस रवाना हो चुके हैं। ब्यूरो