मुरादाबाद। हिंदू काॅलेज में शनिवार को प्रस्तावित राजनीतिक शास्त्र की प्रयोगात्मक परीक्षा नहीं हो पाने से विद्यार्थी नाराज हो गए। उनका कहना था कि उन्होंने घंटों इंतजार किया, इसके बावजूद प्रयोगात्मक परीक्षा नहीं हुई। विभागाध्यक्ष का कहना है कि वाह्य परीक्षक उपलब्ध न होने की वजह से यह हुआ है।
शनिवार को कॉलेज में राजनीति शास्त्र विषय के चार बैच के विद्यार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षा थी। प्रत्येक बैच में 120 विद्यार्थी आवंटित किए गए थे। सभी विद्यार्थी समय से कॉलेज पहुंच गए। इस दौरान दो बैच की प्रयोगात्मक परीक्षा हो गई, लेकिन दो बैच की प्रयोगात्मक परीक्षा करवाने के लिए वाह्य परीक्षक नहीं पहुंचे। बार-बार पूछने पर विभागाध्यक्ष ने कुछ देर इंतजार करने को कहा। इसके बावजूद भी परीक्षक नहीं आए तो विद्यार्थी नाराज हो गए। इस पर विभागाध्यक्ष ने विद्यार्थियों को समझा-बुझाकर शांत किया।
विभागाध्यक्ष प्रो. बीबी सिंह का कहना है कि विश्वविद्यालय द्वारा वाह्य परीक्षकों की ऑनलाइन ड्यूटी लगाई जा रही है। जिन वाह्य परीक्षक को आना था, सॉफ्टवेयर से उनकी ड्यूटी रिजेक्ट हो गई थी। इसकी वजह से करीब 240 विद्यार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षा नहीं हो पाई। इन विद्यार्थियों को नए वाह्य परीक्षक आवंटित होने के बाद एक-दो दिन में विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक परीक्षा की नई तारीख बता दी जाएगी।