मुरादाबाद। शहर के एक अधिवक्ता और उनकी पत्नी से 20.60 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित दंपती का कहना है कि आरोपियों ने उन्हें दुबई में सब्जी एक्सपोर्ट कराने का झांसा देकर रकम ली थी।
मझोला के मिलन विहार निवासी अधिवक्ता शैंकी चोपड़ा ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी पत्नी सिल्की चोपड़ा अरनव सोल्यूशन फर्म की मालकिन हैं। अधिवक्ता ने बताया कि जुलाई 2020 में कोतवाली क्षेत्र के न्यू खुशहाल नगर निवासी एक दंपती नई फर्म खोलने के लिए उनके दफ्तर में जीएसटी रजिस्ट्रेशन कराने के लिए आया था। तब अधिवक्ता से उनकी जान पहचान हो गई। इसके बाद कई बार पति पत्नी उनसे मिले। दंपती ने अधिवक्ता को बताया कि वह एक्सपोर्ट का काम करता है। उन्होंने अधिवक्ता और उनकी पत्नी को दुबई में सब्जियों का एक्सपोर्ट करने के लिए कहा। आरोपी ने कहा था कि वह भी 25 प्रतिशत रकम लगाएंगे। मुनाफे में 60 प्रतिशत अधिवक्ता और 40 फीसदी खुद लेने के लिए कहा था। इसके बाद दंपती ने अलग अलग तारीख में 20.60 लाख रुपये अधिवक्ता और उनकी पत्नी से लिए। आरोपियों ने आज तक न तो मुनाफा दिया और न ही मूल रकम वापस की। एसएसपी ने इस मामले में कोतवाली पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
----------------------