मुरादाबाद। बिजली निगम के अवर अभियंता (जेई) की घर के बाहर खड़ी कार में सोमवार रात अचानक आग लग गई। आस पड़ोस के लोगों ने कार से लपटें निकलती देखीं तो उन्होंने दमकल को सूचना दी। दमकल कर्मी गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे, तब तक गाड़ी जल चुकी थी।
मझोला के शिवाजी नगर लाइन निवासी सुरेंद्र कुमार बिजली निगम में जेई हैं। वर्ततान में सुरेंद्र कुमार की तैनाती भैसौड़ा स्थित बिजली सब स्टेशन पर है। सुरेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार रात वह शादी समारोह में शामिल होने गए थे। लौटने के बाद कार घर के बाहर सड़क किनारे खड़ी कर दी थी। रात करीब ढाई बजे अचानक कार में आग लग गई। कार से लपटें उठने लगीं। इसी समय लघुशंका के लिए उठे एक पड़ोसी ने कार में आग लगी देखी तो सबको जगाया और दमकल को सूचना दी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर गाड़ी मौके पर भेज दी गई थी। कर्मचारियों ने आग बुझा दी थी। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। आस पड़ोस में कोई सीसीटीवी कैमरा भी नहीं लगाया है।