मुरादाबाद। मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गांव करनपुर में ट्रक ने पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। इस हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के समय दोनों ठेले पर फल खरीद रहे थे।
हादसे में जान गंवाने वाले गौहर अली (50) रामपुर जनपद के टांडा थानाक्षेत्र के गागन नगला निवासी थे। गौहर अली किसान थे। सोमवार शाम वह अपने बेटे रुखसार के साथ दवा लेने मूंढापांडे के करनपुर गए थे। दवा लेने के बाद पिता-पुत्र घर लौटने लगे। इसी दौरान पिता-पुत्र रास्ते में फल खरीदने लगे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने पुलिस और 108 पर कॉल कर एंबुलेंस बुला ली। दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया गया, जिला अस्पताल में चिकित्सकों गौहर अली को मृत घोषित कर दिया, घायल रुखसार हो गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया है। मूंढापांडे थाना प्रभारी नवाब सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।