पुलिस ने इस हत्याकांड में काफियाबाद निवासी आरोपी सचिन, रोहित, जितेंद्र और घोसीपुरा के अनीस समेत पांच के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करवाया था। आरोपी अनीस को गिरफ्तार कर पुलिस जेल भी भेज चुकी है, लेकिन अन्य आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।
मुरादाबाद के भोजपुर थानाक्षेत्र में हुई राशन डीलर के पति सिक्योरिटी गार्ड सुरेंद्र सिंह की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी ना होने से खफा परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार को सड़क पर जाम लगा कर प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और 12 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी करने का आश्वासन देकर लोगों को शांत कर जाम खुलवाया दिया।
विज्ञापन
भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव काफियाबाद की राशन डीलर सुखलेश के पति सुरेंद्र सिंह(35) सिक्योरिटी गार्ड थे। शनिवार सुबह सुरेंद्र सिंह मुरादाबाद से नाइट ड्यूटी कर घर लौट रहे थे। भोजपुर क्षेत्र में इस्लामनगर-काफियाबाद मार्ग पर लोगों ने सुरेंद्र पर गोलियां बरसा दी थीं।
उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पिता नेतराम की तहरीर पर पुलिस ने इस हत्याकांड में काफियाबाद निवासी आरोपी सचिन, रोहित, जितेंद्र और घोसीपुरा के अनीस समेत पांच के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करवाया था। आरोपी अनीस को गिरफ्तार कर पुलिस जेल भी भेज चुकी है, लेकिन अन्य आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।
विज्ञापन
मंगलवार सुबह आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सुरेंद्र सिंह के परिजन और ग्रामीण सड़क पर उतर गए। पांच ट्रैक्टर ट्रॉली और बाइकों से पहुंचे ग्रामीणों ने पीपलसाना-गनीमतनगर मार्ग जाम कर दिया। जाम की सूचना पाकर भोजपुर एसओ राशिद अली खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। एसओ ने समझा-बुझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
बाद में ग्रामीण किसी तरह जाम खोलने को तैयार हुए। प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो मुरादाबाद-रामनगर हाइवे जाम किया जाएगा। इस दौरान करीब एक घंटे तक पीपलसाना-गनिमतनगर मार्ग जाम रहा। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विद्यासागर मिश्र ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वांछित चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही हैं।