मुरादाबाद। पुलिस एक माह पूर्व लापता हुए युवक का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा पाई है। लापता बेटे की जानकारी के लिए परिजन बार-बार थाने के चक्कर लगा रहे है। रविवार को लापता युवक की बाइक ब्रजघाट में मिली। बेटे की बरामदगी न होने से नाराज परिजनों ने रविवार को मझोला थाने में प्रदर्शन किया। युवक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस उनके मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
मझोला थाना क्षेत्र के मंगूपुरा निवासी संदीप उर्फ रामू (23) मजदूरी करता था। वह 8 अगस्त को सुबह करीब 11 बजे अपने घर से बाइक लेकर निकला था। जाते वक्त उसने ठेकेदार होराम सिंह से मजदूरी के आठ हजार रुपये लेने जाने की बात परिजनों से कही थी। इसके बाद से वह घर नहीं लौटा। काफी देर होने पर परिवार के लोगों ने उसे फोन किया तो वह बंद मिला। चिंताग्रस्त परिजनों ने संदीप उर्फ रामू की तलाश शुरू कर दी।
काफी खोजबीन के बावजूद जब कोई नतीजा नहीं निकला तो उन्होंने 12 अगस्त को थाना मझोला में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। अब तक लापता युवक का कुछ पता नहीं चल पाया है। परिजनों के मुताबिक युवक की आखिरी लोकेशन ब्रजघाट की आई थी और वहीं पर उसका मोबाइल बंद हो गया था। रविवार को लापता युवक की तलाश में ब्रजघाट पहुंचे परिवार के कुछ लोगों को उसकी बाइक वहां मिल गई।
लोगों ने जब यह सूचना घरवालों को दी तो वे फौरन थाने पहुंच गए और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। अब युवक के परिजन ठेकेदार पर ही युवक के अपहरण का आरोप लगा रहे हैं। वहीं, थाना प्रभारी अशोक कुमार का कहना है कि लापता युवक की तलाश में उनकी टीम जुटी है, लेकिन अभी तक कोई अहम सुराग नहीं मिल पाया है। ठेकेदार से भी पूछताछ की जा चुकी है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।