डीआरएम अजय नंदन ने मंगलवार को संभल हातिम सराय रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। डीआरएम ने स्टेशन पर बुकिंग कार्यालय, पुराने मालगोदम, स्टेशन क्षेत्र और स्टेशन भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन से व्यापार और रेल राजस्व को बढ़ाने की संभावनाओं को तलाशने के लिए पुरानी मालगोदाम बिल्डिंग और मालगोदाम को जाने वाली रेल लाइन का निरीक्षण किया। साथ ही अधिकारियों से इस विषय पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने संभल जिले की स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों और कृषि उत्पादों के विषय में भी जानकारी ली। इसके बाद, आसपास के क्षेत्र की विशेष व्यापारिक गतिविधियों जैसे सींग की कलात्मक वस्तुओं, सींग के बटन, सींग के हैंडीक्राफ्ट आइटम, सींग की आर्टिफिशियल ज्वेलरी इत्यादि के विषय में विशेष चर्चा की। पुराने मालगोदाम और मालगोदाम को जाने वाले रेल मार्ग की मरम्मत, संभल से निर्यात होने वाले कृषि उत्पादों और अन्य वस्तुओं को रेल मार्ग द्वारा गंतव्य तक भेजे जाने के लिए कार्य करने के निर्देश दिए। डीआरएम के दौरे का मुख्य उद्देश्य रेलवे द्वारा इस क्षेत्र का विकास और व्यापार से रेल राजस्व बढ़ाना है। इस मौके पर सीनियर डीओएम सुधीर कुमार सिंह, सीनियर डीईएन परितोष गौतम, सीनियर डीईएन (मुख्यालय) दुष्यंत सिंह, सहायक मंडल अभियंता (चंदौसी) पीके शर्मा आदि मौजूद रहे।