कुंदरकी (मुरादाबाद)। नगर और ग्रामीण इलाके डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को इलाज के दौरान एक और डेंगूू आशंकित महिला ने दम तोड़ दिया। मृतका को चार दिन से तेज बुखार आ रहा था। खून की जांच में पीड़ित महिला को डेेंगू आशंकित होना बताया गया था।
कुंदरकी ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम फत्तेहपुर खड़ंजा निवासी जायदा (42) पत्नी अब्दुल गफूर को चार दिन पहले बुखार आया था, जिसको सामान्य बुखार मानकर परिजनों ने पहले जायदा का गांव के ही निजी चिकित्सक से उपचार कराया, लेकिन कोई आराम नहीं मिला। हालात बिगड़ने उसको मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां पर इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
गुरुवार को जब महिला का शव उसके घर पर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया, जिनको सगे संबंधी और रिश्तेदार ढांढस बंधाते रहे। वहीं शव को देखने के लिए महिलाओं की भीड़ जमा हो गई। बाद में शव को गमगीन माहौल में सुपुर्द के खाक कर दिया गया। बताते हैं कि ग्राम फत्तेहपुर खड़ंजे में काफी संख्या में लोग तेज बुखार के प्रकोप से बीमार चल रहे हैं। तेज बुखार से पीड़ित मरीज मुरादाबाद और स्थानीय निजी अस्पतालों में भर्ती होकर इलाज करा रहे है।