मुरादाबाद। स्वास्थ्य विभाग के लिए शनिवार का दिन राहत और आफत भरा रहा। डिलारी ब्लाक के गांव गक्खरपुर में डेंगू का कोई नया केस नहीं मिला, जबकि शहर में डेंगू का दायरा बढ़ गया। जिले में मिले डेंगू के आठ मरीजों में से सात केस शहर में पाए गए। वहीं जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 185 हो गई है।
डेंगू का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को सरकारी और निजी लैब से आई रिपोर्ट में आठ लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई। इसमें आठ साल की बच्ची और साठ साल के बुजुर्ग शामिल हैं। आठ में से सात मरीज शहर के छह मोहल्लों में मिले हैं।
असालतपुरा में 13 वर्षीय किशोरी, बाला जी मंदिर रोड इलाके में 57 वर्षीय व्यक्ति, दीवान का बाजार में 35 वर्षीय महिला, चौरासी घंटा में 60 वर्षीय बुजुर्ग, 8 वर्षीय बच्ची, नवाबपुरा में 29 वर्षीय महिला, खुशहालपुर बैंक कॉलोनी में 32 वर्षीय महिला डेंगू पॉजिटिव पाई गईं। इसके अलावा डेंगू का एक मरीज डिलारी में मिला है। सीएमओ डॉ. एमसी गर्ग ने बताया कि गक्खरपुर में डेंगू का नया मरीज नहीं मिला है। शनिवार को जिले में डेंगू के आठ मरीज मिले।