मुरादाबाद। जिले में सात और मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इनमें पांच मरीज डिलारी ब्लॉक के गांव गक्खरपुर के शामिल हैं। बाकी दो मरीज शहर के किसरौल और नवीन नगर के रहने वाले हैं। वहीं गक्खरपुर गांव में 28 डेंगू आशंकित मरीज मिले हैं। दस आशंकित मरीजों को डिलारी सीएचसी में भर्ती किया गया।
कोरोना संक्रमण काल में पिछले साल की तुलना में इस साल डेंगू का प्रकोप अधिक है। शहर के बाद अब डेंगू गांवों में फैलने लगा है। बुधवार को निजी और सरकारी लैब से आई एलाइजा टेस्ट की रिपोर्ट में सात लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसमें शहर के मोहल्ला किसरौल निवासी 74 वर्षीय महिला और नवीन नगर निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति शामिल हैं। वहीं पांच मरीज गक्खरपुर गांव के हैं, जिनका रविवार को सैंपल लिया गया था। सीएमओ और डिप्टी सीएमओ की टीम ने चौथे दिन भी गांव का दौरा किया।
गांव में रैपिड किट से की जांच में 28 डेंगू आशंकित मरीज मिले। इसमें दस मरीजों को डिलारी सीएचसी में भर्ती कराया गया। एलाइजा टेस्ट के लिए बीस सैंपल जिला अस्पताल भेज दिया गया। सीएमओ डॉ. एमसी गर्ग ने बताया कि गक्खरपुर गांव में पांच मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। सभी मरीज स्वस्थ हैं। अपने घर पर हैं। दस मरीजों को डिलारी सीएचसी में भर्ती किया गया है। यहां बीस मरीजों का इलाज चल रहा है।
तीन दिन बाद आई रिपोर्ट
मुरादाबाद। गक्खरपुर गांव के डेंगू आशंकित मरीजों की जिला अस्पताल से एलाइजा टेस्ट की रिपोर्ट तीन दिन बाद आई। रविवार को एलाइजा टेस्ट के लिए गक्खरपुर गांव के सात लोगों का सैंपल लिया गया था। तीन दिन बाद बुधवार को इन सात मरीजों की सैंपल रिपोर्ट आई। इसमें पांच लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है।