मुरादाबाद। जिले में पांच और मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। डेंगू पीड़ितों में मां-बेटा और बुजुर्ग महिला शामिल हैं। वहीं गक्खरपुर में 44 डेंगू आशंकित मरीज मिले हैं। सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में 328 बुखार पीड़ित मिले। डिलारी सीएचसी में बुखार के सात मरीजों को भर्ती किया गया है, जबकि एक मरीज को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
गक्खरपुर में डेंगू और बुखार का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। यहां डेंगू के 14 केस मिले चुके हैं। मंगलवार को गांव में बुखार पीड़ित 44 लोगों में डेंगू की आशंका जताई गई है। इन मरीजों का सैंपल लिया गया है। डेंगू की पुष्टि के लिए जिला अस्पताल में एलाइजा टेस्ट होगा। वहीं सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में बुखार के 328 मरीज पहुंचे। इसमें गक्खरपुर गांव के 50 मरीज शामिल हैं। डिलारी सीएचसी की ओपीडी में पहुंचे सात बुखार पीड़ितों को भर्ती कर दिया गया। एक मरीज को जिला अस्पताल भेज दिया। एक मरीज सोमवार को जिला अस्पताल रेफर किया गया था। दूसरी ओर सरकारी और निजी लैब से आई रिपोर्ट में पांच लोग डेंगू पॉजिटिव पाए गए। इसमें मूढ़ाखेड़ी के मां-बेटे, नया मुरादाबाद की 73 वर्षीय महिला, नागफनी का किशोर और बिलारी का एक व्यक्ति शामिल है।
210 घरों का किया सर्वे, मस्जिदों से कराया एलान
मुरादाबाद। डिप्टी सीएमओ डॉ. संजीव बेलवाल ने बताया कि गक्खरपुर गांव के 210 घरों का सर्वे गिया गया। घरों में फ्रिज, कूलर और पानी जमा होने वाले स्थानों का निरीक्षण किया गया। साथ ही गांव की सभी मस्जिदों से एलान कराकर लोगों डेंगू के प्रति जागरूक किया गया।
डेंगू के डंक से गक्खरपुर में हड़कंप, तीसरे दिन भी पहुंची टीम
डिलारी। ब्लॉक क्षेत्र के गक्खरपुर गांव में तेजी से बढ़ रहे डेंगू और बुखार के मरीजों से हड़कंप मचा हुआ है। गांव में तीसरे दिन मंगलवार को भी स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। वेलनेस हेल्थ सेंटर पर डिप्टी सीएमओ डा. संजीव बेलवाल सहित अन्य चिकित्सकों ने लगभग 125 मरीजों की ओपीडी की। जहां 44 डेंगू आशंकित मरीज मिले। वहीं पहले मिले 14 डेंगू के मरीजों का उपचार चल रहा है। सभी आशंकित मरीजों का सैंपल लिया गया।
डिलारी सीएचसी में गक्खरपुर गांव के लगभग सात मरीजों का उपचार चल रहा है। अधिकतर मरीज वायरल बुखार से ग्रस्त मिले हैं। एसडीएम परमानंद सिंह व बीडीओ नरेश कुमार चौहान ने ग्राम प्रधान के पति रईस अहमद को पूरे गांव में सफाई कराने औैर कीटनाशक का स्प्रे कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि डेंगू और बुखार मच्छर से होता है। अपने घर के आस पास पानी जमा न होने दें। कूलर, फ्रिज आदि की समय समय पर सफाई करने का आह्वान किया।