जिले में डेंगू के 40 मरीज और मिले हैं। सहारनपुर के डिप्टी सीवीओ और उनके दो बेटों समेत 40 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। डिप्टी सीवीओ का डेढ़ महीने पहले की रामपुर से सहारनपुर तबादला हुआ है। तीनों का मुरादाबाद के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सोमवार को निजी लैब से आई रिपोर्ट में 40 लोग डेंगू पीड़ित पाए गए। इसमें सहारनपुर के डिप्टी सीवीओ डॉ. मुकेश और उनके दो बेटे भी शामिल हैं। रामपुर में तैनात रहे डिप्टी सीवीओ डॉ. मुकेश का डेढ़ माह पूर्व सहारनपुर तबादला हो गया, जहां वह बीमार पड़ गए। उनके बेटे आनंद मोहन और ललित मोहन की भी तबीयत बिगड़ गई। पत्नी डॉ. मोनिका ने तीनों को मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
डॉ. मोनिका ने बताया कि अस्पताल में कराई जांच में तीनों में डेंगू की पुष्टि हुई। 40 डेंगू पीड़ितों मे 32 मरीज शहरी क्षेत्र के रहने वाले हैं। इसमें सबसे अधिक डेंगू के नौ मरीज नवाबपुरा मोहल्ले में मिले हैं।
वहीं ग्रामीण इलाकों में कुंदरकी, मूंढापांडे, ताजपुर में डेंगू पीड़ित पाए गए हैं। सीएमओ डॉ. एमसी गर्ग ने बताया कि चालीस लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। संबंधित मोहल्लों में टीम भेजकर दवाओं का छिड़काव कराया जाएगा।