मुरादाबाद। योगी सरकार वादा निभाओ कार्यक्रम के तहत अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने गुरुवार जुलूस निकाल कर डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। बाद में मुख्यमंत्री को संबोधित लंबित मांगों से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
प्रांतीय आह्वान पर गुरुवार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुबह आंबेडकर पार्क में एकत्र हुए और वहीं कुछ देर धरना देने के बाद नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट तक जुलूस निकाला।
वहां पहुंच कर योगी सरकार वादा निभाओ, बिना पेंशन रिटायरमेंट नहीं चलेगा आदि नारे के साथ प्रदर्शन किया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रांतीय नेताओं के साथ सात जून 2018 को मांगों को लेकर किये गए समझौते व 21 फरवरी 2019 को की गई घोषणा को पूरा नहीं कर रही है। प्रमोशन व नई भर्ती की प्रक्रिया भी तत्काल पूरी नहीं की जा रही है।
बाद में मुख्यमंत्री को संबोधित सात सूत्री ज्ञापन जिलाधिकारी को दिया। जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिये जाने के साथ 21 हजार रुपये मासिक वेतन देने, रियायमेंट पर 10 हजार रुपये मासिक पेंशन देने, सभी लाभार्थियों के हिसाब से पर्याप्त राशन व पोषाहार सीधे आंगनबाड़ी केंद्र में पहुंचाने, प्रमोशन व नई भर्ती प्रक्रिया को तत्काल पूरा किये जाने, सभी को मोबाइल, डाटा व प्रशिक्षण दिये जाने, कोरोना में कार्य करने पर 12 हजार रुपये मासिक जोखिम भत्ती दिए जाने की मांग की गई है। इस मौके पर संगठन की सचिव सुनीता आहुवालिया, शशिबाला, विनीता, अलका, सुषमा, राजो, अनीता, जयश्री, शालिनी, खुशबू, राकेश, कविता, कमलेश, विपिन गुप्ता, हेमलता ठाकुर, सरोज देवी, रजनी दिवाकर आदि मौजूद रहीं।