मुरादाबाद के मझोला थानाक्षेत्र के डिडौरा गांव में गुरुवार सुबह करीब आठ बजे 65 वर्षीय किसान अजीत कुमार सिंह का शव घेर में चारपाई पर पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। वह घेर में अकेले ही सोते थे। शव के पास ही तमंचा भी रखा मिला है। किसान के तीन बेटों में सबसे छोटे बेटे अरविंद ने कुछ दिन पहले ही दूसरी बिरादरी की लड़की से प्रेम विवाह किया था। परिवार का दावा है कि किसान बेटे के प्रेम विवाह करने से नाराज चल रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, डिडौरी गांव में किसान अजीत कुमार सिंह का परिवार रहता है। घर से करीब 60 मीटर की दूरी पर ही घेर है। अजीत के तीन बेटे पवन कुमार, अमन और अरविंद हैं, जबकि एक बेटी अंजुल है। बताया जा रहा है कि छोटे बेटे अरविंद ने कुछ दिन पहले ही दूसरी बिरादरी की लड़की से प्रेम विवाह कर लिया था।
इस विवाह को लेकर किसान नाराज चल रहे थे। परिवार का दावा है कि वह तीन दिन से परिवार के किसी भी सदस्य से बात नहीं कर रहे थे। रोज की तरह बुधवार रात भी वह घेर में सोने के लिए चले गए थे। गुरुवार सुबह देर तक जब किसी ने उन्हें नहीं देखा तो बड़ा बेटा घेर में पहुंच गया। बेटे ने देखा कि चारपाई पर उनका खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था। उन्हें सिर में गोली लगी थी, जबकि पास में ही चारपाई पर तमंचा रखा हुआ था।
इस घटना से परिवार में चीख पुकार मच गई। सूचना मिलने पर एसएसपी बबलू कुमार और एसपी सिटी अमित आनंद और सीओ इंदु सिद्धार्थ समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अफसरों ने मौका मुआयना किया। इसके बाद परिवार से घटना के बारे में पूछताछ की। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने बताया कि हर एंगल पर जांच की जा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।