तीन हथियारबंद बदमाशों ने सोमवार दोपहर पीर बाजार स्थित चिश्ती ज्वैलरी शाप में घुसकर 12 साल के बालक को बंधक बना लिया और शॉप से सौ ग्राम सोना, पांच किलो चांदी के जेवर और 20 हजार रुपये की नगदी समेत करीब आठ लाख की ज्वैलरी लूट ली। वारदात के बाद लुटेरे पैदल ही भाग निकले। रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
पाकबड़ा के हाशिमपुरा में साजिद हुसैन परिवार के साथ रहते हैं। पीर बाजार में चिश्ती ज्वैलर्स के नाम से उनकी ज्वैलरी शाप है। दोपहर 1:20 बजे वह नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद पर गए। दुकान पर साजिद का भतीजा सलमान(13) मौजूद था। सलमान ने बताया कि चाचा के जाते ही तीन हथियार बंद बदमाश दुकान में घुस गए।
बदमाशों ने दुकान में घुसकर मुंह पर कपड़ा लपेटा था। तीनों बदमाशों में से दो के हाथ में चाकू और एक के हाथ में तमंचा था। तीनों बदमाशों ने उसे रस्सी से बांध दिया और मुंह पर टेप चिपका दिया। दुकान की अलमारी में रखे जेवर और कैश लेकर वहां से मीना नगर की गलियों सो होकर पैदल ही भाग निकले।
दुकान मालिक इब्राहिम का बेटा दुकान में आया तो उसने सलमान को बंधक बना देख पिता को सूचना दी। लुटेरों का पीछा करने के लिए इब्राहिम पांच सौ मीटर दूर तक भागे लेकिन बदमाश हत्थे नहीं चढे़। इस दौरान 1:40 बजे साजिद भी नमाज पढ़कर दुकान पर पहुंचा। वारदात की जानकारी साजिद ने कॉल कर पुलिस को दी।
एसपी सिटी अभिषेक यादव, फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। साजिद ने बताया कि दुकान से करीब आठ लाख के जेवर लुटेरे ले गए। इस संबंध में मझोला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। एसएसपी मनोज तिवारी ने बताया कि लुटेरों की तलाश में शहर में चेकिंग अभियान चलाया गया लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़े।
बदमाशों ने जिस तरह से वारदात की है, इससे अंदेशा है कि रेकी की गई है। दुकान में सीसीटीवी नहीं ः साजिद की ज्वैलरी शॉप में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे, आसपास की दुकानों में भी कैमरे नहीं थे। सलमान ने बताया कि बदमाशों की उम्र 40-45 थी। एक बदमाश ने काले कपड़े तो दूसरे ने बैगनी रंग के कपड़े पहने थे।