छजलैट के संदलीपुर गांव में एक किसान के खेत में खंभा लगाते वक्त हाइटेंशन लाइन से खंभा टकरा गया। जिससे एक मजदूर की मौत हो गई और चार लोग झुलस गए। मजदूर के परिजनों ने किसान और उसके पिता सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
छजलैट के संदलीपुर गांव निवासी किसान शीशपाल बुधवार को खेत में खंभा लगवाने का काम गांव के ही पांच मजदूर वीर सिंह (30), संजीव, छोटेलाल, संजय सिंह और बबलू से करवा रहा था। वीर सिंह के परिजनों ने बताया कि जिस जगह पर खंभा लगवाया जा रहा था, उसी के पास से एक हाइटेंशन लाइन जा रही है।
आरोप है कि शीशपाल ने शटडाउन लेने की गलत जानकारी देकर मजदूरों से खंभा लगवाने का काम शुरू करवाया था। इस दौरान संतुलन बिगड़ने के कारण खंभा हाइटेंशन लाइन से टकराया गया। खंभे में करंट आने से पांच मजदूर झुलस गए। उनको उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां वीर सिंह को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
संजीव को उपचार के लिए मेरठ रेफर कर दिया गया है। छोटेलाल, संजय सिंह और बबलू को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। परिजनों ने इस मामले में किसान शीशपाल, उसके पिता महावीर सिंह सहित दो अज्ञात के खिलाफ छजलैट थाने में शिकायत की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
बृहस्पतिवार दोपहर को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। एसओ छजलैट रामसेवक ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
परिवार में हैं पत्नी और चार बच्चे
मुरादाबाद। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वीर सिंह के परिवार में पत्नी बबली, बेटी सोनिया (8), आशिका (6), उदित (4), और धामा (2) है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।