पाकबड़ा पुलिस ने देशद्रोह के मामले में जांच शुरू कर दी गई। गुरुवार को विवेचक आईएफटीएम विश्व विद्यालय पहुंचे और उन्होंने मुख्य नियंता व शिक्षकों के बयान दर्ज किए। इसके अलावा उस स्थान का नक्शा भी बनाया। जहां पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने की बात कही गई। विवेचक ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी।
पाकबड़ा थाना प्रभारी नीरज शर्मा ने बताया कि आईएफ टीएम विश्व विद्यालय में सोमवार को पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के जवानों के लिए श्रद्घांजलि सभा आयोजित की जा रही थी। श्रद्घांजलि सभा के बाद सभी छात्र छात्राएं और शिक्षक जाने लगे थे। आरोप है कि इसी दौरान एक छात्र ने पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगा दिए थे। कुलसचिव संजीव अग्रवाल ने इस मामले में आरोपी छात्र मो. अब्बास निवासी शाहफरीदा थाना नोगावां सादात जनपद अमरोहा के खिलाफ देशद्रोह में केस दर्ज कराया था। पुलिस से आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बुधवार को शहर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी आए थे। जिस कारण फोर्स उनकी सुरक्षा में लगा दी गई थी। बुधवार को विवेचक देश द्रोह के मामले में कुल सचिव, प्रोफेसर और छात्रों के बयान दर्ज नहीं हो पाए थे। गुरुवार को विवेचक आईएफटीएम विश्व विद्यालय में पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का नक्शा बनाया। इसके अलावा मुख्य नियंता डा. वीके सिंह, शिक्षक मनीष रंजन पांडे के अलावा अन्य शिक्षकों के भी बयान दर्ज किए गए। सूत्रों का कहना है कि बयानों में छात्र द्वारा पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने की पुष्टि की है।