बहजोई। विद्युत विभाग की टीम ने छापेमारी कर नलकूपों से तीन अवैध ट्रांसफार्मर पकड़े हैं। साथ ही केबल, इंसुलेटर व क्रॉस फार्म भी जब्त किए गए हैं। मामला गांव नरौंदा का है।
रविवार को सवा ग्यारह बजे करीब अवर अभियंता विजयपाल सिंह की अगुवाई में विभागीय टीम ने थाना क्षेत्र के गांव नरौंदा में छापेमारी की। जेई ने बताया कि पुलिस को साथ लेकर गांव नरौंदा में छापेमारी में तीन नलकूपों पर अवैध ट्रांसफार्मर रखे मिले। लाइन भी अवैध रूप से खींची गई थी। मौके पर लोगों से जानकारी की गई तो कोई भी अभिलेख नहीं दिखा सके। जेई के मुताबिक 25 केवीए के तीन ट्रांसफार्मर समेत साढ़े तीन सौ मीटर केबल, 14 इंसुलेटर व 11 केवीए के 07 क्रॉस फार्म जब्त कर बिजलीघर पर लाए गए हैं। जेई ने बताया कि अवैध रूप से ट्रांसफार्मर व दूसरे सामान की आपूर्ति करने वाली कंपनियों व ठेकेदारों को भी चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले में थाना पुलिस को तहरीर दी गई है। छापेमारी के दौरान विद्युत कर्मियों में लाइनमैन हरिओम, शिशुपाल, राजेंद्र, भोला व मनीष आदि मौजूद रहे।