रायबरेली। सीतापुर जिले में तैनात पुलिस कर्मी और प्रदूषण विभाग में तैनात कर्मचारी की दबंर्गई सामने आई है। दोनों कर्मियों ने शहर के चक अहमदपुर नजूल बस्तेपुर में एक दिव्यांग दलित की कीमती जमीन पर कब्जा करके न सिर्फ निर्माण कार्य शुरू करा दिया बल्कि विरोध करने पर पिटाई करने के साथ जानमाल की धमकी भी दी है।
पुलिस कर्मी और प्रदूषण विभाग में तैनात कर्मचारी समेत सात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
शहर के चक अहमदपुर नजूल बस्तेपुर निवासी दिव्यांग दलित रामनेवाज ने सदर कोतवाली में दी गई तहरीर के जरिये आरोप लगाया है कि उसकी करीब दो विस्वा जमीन पर टीनशेड रखा था।
आरोपियों ने टीनशेड गिराकर जमीन पर कब्जा करके निर्माण कार्य शुरू करा दिया। विरोध करने पर मारपीट की। साथ ही जानमाल की धमकी दे रहे हैं। इससे वह और उसका परिवार भयभीत है।
सदर कोतवाल अशोक सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर इंदिरा नगर निवासी एवं पुलिस विभाग सीतापुर में कार्यरत रोशनलाल, जिला प्रदूषण विभाग रायबरेली में तैनात इंद्रपाल और गोरा देवी पत्नी संतलाल, संतलाल, बस्तेपुर निवासी गंगादीन, महादेव समेत सात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।
जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रकरण की जांच सिविल लाइंस इंचार्ज नारायण कुशवाहा को सौंपी गई है।