कांठ। छजलैट क्षेत्र में पशु बेचकर घर लौट रहे किसान और उसके बेटे से तमंचे के बल पर बाइक सवार बदमाश दिन दहाड़े 46 हजार रुपये की नकदी लूट लिए। सूचना पर थाना पुलिस के साथ पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और पुलिस क्षेत्राधिकारी ने मौका मुआयना कर वारदात की बाबत पूछताछ की है।
बृहस्पतिवार को छजलैट क्षेत्र के गांव जमालपुर का रहने वाला इस्लाम क्षेत्र के कोठी खिदमतपुर पशु बाजार में भैंस बेचकर अपने बेटे सलमान के साथ वापस घर लौट रहा था। दोनों दोपहर मुरादाबाद मार्ग स्थित छजलैट के शुक्ला की पुलिया पर वाहन से उतरे और पैदल ही घर के लिए चल दिए। पीछे से दो बाइकों पर सवार तीन बदमाशों ने बाइक बराबर में लाकर दोनों पर बंदूक तान दिए और 46 हजार रुपये लूट लिए। बदमाशों के जाने के बाद पिता पुत्र के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना पर डायल 100 मौके पर पहुंची। बदमाशों की तलाश की गई। लेकिन पता नहीं चला। प्रभारी थाना निरीक्षक छजलैट रामसेवक ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।