धनेटा सोतीपुरा में सामूहिक नमाज का विरोध एसपी दफ्तर पहुंचा
एक घर पर सामूहिक नमाज का विरोध कर रहे हैं एक संप्रदाय के लोग
कलक्ट्रेट पर पहुंचकर किया प्रदर्शन, खासी संख्या में जुटे लोग
अमर उजाला ब्यूरो
बहजोई। धनेटा सोतीपुरा में सामूहिक नमाज का विरोध पुलिस अधीक्षक दफ्तर तक पहुंच गया। एक संप्रदाय के लोगों ने गांव के एक घर पर सामूहिक नमाज का विरोध करते हुए गुरुवार को एसपी दफ्तर व कलक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया।
गुरुवार को पूर्वाह्न 11 बजे करीब एसपी दफ्तर पहुंचे थाना हयातनगर क्षेत्र के गांव धनेटा सोतीपुरा के ग्रामीणों का कहना था कि पहले भी पुलिस के संज्ञान में लाया गया है कि गांव के एक घर पर दूसरे संप्रदाय के कई लोग सामूहिक नमाज अदा करते हैं, जबकि यह सरासर गलत है। नमाज तय स्थान पर ही नमाज अदा की जाए, जिससे कि गांव में कोई नई परंपरा न डाली जा सके और शांति-व्यवस्था बनी रहे। ग्रामीणों का कहना था उप जिलाधिकारी चंदौसी के भी संज्ञान में पूरा मामला है। एसडीएम चंदौसी की ओर से भी दूसरे संप्रदाय के लोगों को किसी घर पर सामूहिक नमाज अदा न करने की हिदायत दी गई है। बावजूद इसके दूसरे संप्रदाय के लोग एसडीएम के आदेश को दरकिनार करते हुए एक घर पर सामूहिक नमाज अदा कर रहे हैं। हिंजामं के प्रांत प्रचार प्रमुख कौशल किशोर वंदेमातरम् समेत मुकेश वाल्मीकि, पप्पू, मनवीर सिंह, नन्हें सिंह, विनीत कुमार, सुरेंद्र सिंह, संजीव कुमार व मुनेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।