मुगलपुरा में कपड़ा विक्रेता की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया है। उसने पुलिस को बताया कि कपड़ा विक्रेता ने उसे थप्पड़ मारा तो उसने चाकू से उसकी हत्या कर दी। आरोपी के कब्जे से चाकू बरामद किया गया है। आरोपी ने बताया कि लेनदेन के विवाद में उस पर भी हमला किया गया था, इसके बाद उसने भी कपड़ा विक्रेता पर हमला किया था।
एसएचओ मुगलपुरा गजेंद्र सिंह ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी उमैर निवासी गलशहीद है। वह भी कपड़ा बेचने का काम करता है। उमैर ने बताया कि पहले उसके भाई आजम को नदीम उर्फ अकबर अली ने जेल भिजवाया था, जिस वजह से दोनों के बीच रंजिश थी। बकौल उमैर वह रविवार को अपनी बुआ के घर लालबाग गया था, रास्ते में उसे नदीम मिला और उसने कालोनी में आने पर उमैर से गाली गलौज की। विरोध करने पर नदीम ने थप्पड़ मार दिया तो उमैर ने चाकू से उस पर हमला कर दिया, जिसमें उमैर की जान चली गई। एसएचओ ने बताया कि एक सूचना पर आरोपी को जीआईसी ग्राउंड के पास से रविवार को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी का चालान कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। लालबाग पुलिस चौकी के पास ही रहने वाले कपड़ा विक्रेता नदीम उर्फ अकबर अली (35) की शनिवार शाम चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई । आरोप दो सगे भाइयों आजम और उमैर पर है। नदीम के परिवार वालों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच रकम के लेनदेन को लेकर विवाद था।