रामपुर की चमरौआ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस का टिकट मिलने के बाद अली यूसुफ अली 24 घंटे में ही सपा से टिकट मिलने की आस लेकर लखनऊ चले गए और सपा में शामिल होने की बात कही। किन्तु, मंगलवार को सपा ने प्रत्याशियों का एलान किया, तो यूसुफ अली का नाम नहीं था।
सपा ने वर्तमान विधायक नसीर अहमद खां को टिकट दे दिया। ऐसे में अब यूसुफ बुधवार को अपनी रणनीति का खुलासा करेंगे। उनका कहना है कि वह किसी न किसी पार्टी के सहयोग से चुनाव मैदान में जरूर उतरेंगे और जनता के बीच जाएंगे।
विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। रामपुर में दूसरे चरण में 14 फरवरी को मतदान होना है। भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने पहले ही अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी थी। कांग्रेस ने चमरौआ विधानसभा सीट से यूसुफ अली को टिकट दिया था, लेकिन टिकट मिलने के 24 घंटे के भीतर ही उनका मूड बदल गया और वे लखनऊ में जाकर सपा में शामिल हो गए।
उनके अनुसार सपा नेताओं ने उन्हें टिकट देने का भरोसा दिलाया था। जिसकी वजह से वे पार्टी में गए। किन्तु, मंगलवार को जब समाजवादी पार्टी ने टिकट की घोषणा की, तो चमरौआ से वर्तमान विधायक नसीर अहमद खां को टिकट दे दिया गय। यूसुफ अली को निराशा मिली। इससे उनके समर्थकों में सपा के प्रति गहरी नाराजगी होने की बात कही जा रही है।